मंगलवार, 17 नवंबर 2026

ओमप्रकाश वाल्मीकि

ओमप्रकाश वाल्मीकि 
(30 जून 1950-17 नवम्बर 2013)

ओमप्रकाश वाल्मीकि की 'सम्पूर्ण कविताएँ' किताब को पढ़ना शुरू किया है। एक के बाद एक कई कविताएँ पढ़ीं और फिर सोचने लगा कि ऐसा क्या है जो हिन्दी की मुख्यधारा को रास नहीं आया होगा। यह सवर्ण धारा कितनी भी छान-फटक कर ले, इन कविताओं के शिल्प में तो कोई नुक़्स नज़र ना आए। हिन्दी साहित्य पर ग़ालिब इस धारा के ज़ोर-आवर यही तो रोना-रुआटा किया करते हैं कि 'ये लोग' अभी बात को कहना नहीं सीख पाए हैं। गो के इनके दिल को एतराज़ कही गई बात से होता है। और इससे कि 'ये' क्यों अपनी बात कहते हैं, वो भी साहित्य में; हमारे असर वाले इलाक़े में। वरना क्या बात है कि ओमप्रकाश वाल्मीकि हिन्दी की प्रगतिशील धारा का सितारा न हो सके। वे मुक्तिबोध की तरह ब्राह्मण होते तो इस हल्के में भी नायक होते? लेकिन फिर वे ये बातें इस ताप के साथ थोड़े ही कह रहे होते। (पुरानी पोस्ट फिर।)

कमाल यही है कि हिन्दी के प्रगतिशील लेखक दलित-पिछड़ी जातियों के प्रति तुलसी की सारी नफ़रत को लोक, निर्लोभ, दरबार से दूरी, ग़रीबी, ब्राह्मणों के हाथों ही यातना जैसे हज़ार तर्क देकर जस्टीफाई करते रहते हैं। अपने लगभग सारे पुरोधा कवियों-गद्यकारों के सवर्णवाद को भी। ऐसे-ऐसे हास्यास्पद तर्कों से कि ये हमेशा सवालों के घेरे में रहेंगे। बकौल ओमप्रकाश वाल्मीक- तुम्हारे रचे शब्द तुम्हे ही डंसेंगे\साँप बनकर।
  
हिन्दी की मुख्यधारा यानी सवर्णधारा के संघर्षों-आत्मसंघर्षों का खोखला गान चलता रहता है और क़ब्ज़े की उनकी प्रवृत्ति मज़बूत होती जाती है। ओमप्रकाश वाल्मीकि जैसे लेखक इस मुख्यधारा की इस प्रवृत्ति के बावजूद कविता, कहानी और आलोचना में इतना मौलिक योगदान कर गए हैं कि कथित मुख्यधारा शर्मिंदा होकर उन्हें दलित लेखक कहकर और कभी-कभी अपने यहाँ विविधता या लोकतंत्र बताने के लिए उनका ज़िक्र कर रस्म अदायगी कर लेती है। इस कथित मुख्यधारा के लिए एक मुश्किल यह भी हो सकती है कि ओमप्रकाश वाल्मीकि के यहाँ मिथकीय और दक्षिणपंथी नायकों को तो चुनौती मिलती ही है, प्रगतिशीलों के आयकन भी गंभीर आलोचना के घेरे में आते हैं। फिर वे प्रेमचंद हों या नागार्जुन।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें